रंगस (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन की ग्राम पंचायत जोलसप्पड़ और स्नाही को जोड़ने के लिए कुणाह खड्ड पर पुल का निर्माण शुरू हो गया है। दोनों पंचायतों के प्रधानों और प्रतिनिधियों ने भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ करवाया।
करीब तीन दशक से इस पुल का इंतजार कर रहे क्षेत्रवासियों की मांग अब पूरी होने जा रही है। ग्राम पंचायत जोलसप्पड़ के तहत जोलसप्पड़ से कोहला प्लासड़ी तक कुणाह खड्ड के किनारे करीब 30 वर्ष पहले सड़क का निर्माण किया गया था।
इसी तरह खड्ड के दूसरी ओर ग्राम पंचायत स्नाही के तहत हार मसंदा गांव तक भी सड़क पहुंचाई गई थी। दोनों ओर सड़क होने के बावजूद पुल न बनने से लोगों को खड्ड पार करने में भारी परेशानी होती थी।
बरसात के दौरान खड्ड का जलस्तर बढ़ने से मुश्किलें और बढ़ जाती थीं। कई लोग खड्ड पार करते समय हादसों का शिकार भी हो चुके हैं। करीब 14.67 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल 215 मीटर लंबा और डबल लेन होगा।
इसके निर्माण से सलौणी, बड़सर, गलोड़, कांगू, धनेटा, बंगाणा और ऊना क्षेत्र के लोगों को जोलसप्पड़ स्थित डॉ. राधाकृष्णन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय पहुंचने के लिए छोटा संपर्क मार्ग उपलब्ध होगा।
इससे मरीजों और उनके तीमारदारों को अस्पताल पहुंचने में कम समय लगेगा। मेडिकल कॉलेज में संचालित शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों और प्रशिक्षुओं को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा रंगस, जोलसप्पड़, सोहड़ी, कोहला प्लासड़ी और सोरड़ के लोगों को गलोड़ तहसील और कांगू उपतहसील पहुंचने के लिए करीब आठ से दस किलोमीटर कम दूरी तय करनी पड़ेगी।
कोट
पुल को अक्तूबर 2027 तक तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ठेकेदार को तय समय सीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए हैं। जोलसप्पड़ से कोहला प्लासड़ी तक सड़क को डबल लेन बनाने का काम भी चल रहा है।
-पंकज कौशल, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग नादौन
बाक्स:
इन गांवों के लोगों को होती थी दिक्कत
पुल नहीं होने से हार मसंदा, स्नाही और भरयाल गांवों के लोगों को हमीरपुर और नादौन जाने के लिए पैदल करीब पांच किलोमीटर चलकर रंगस पहुंचना पड़ता था। वहां से उन्हें बस सुविधा मिलती थी। बरसात के दिनों में कुणाह खड्ड पार करना उनकी मजबूरी बन जाता था। ऐसे में पुल का निर्माण इन गांवों के लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा।