हमीरपुर। गांधी चौक हमीरपुर में मंगलवार को तीन दिवसीय मेहंदी उत्सव का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में ओलंपियन दिव्या शर्मा ने मुख्यातिथि, जबकि प्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष एवं भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र अत्री ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विशाल शर्मा ने की। नरेंद्र अत्री ने कहा कि राजाराम युवा क्लब की यह पहल भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ महिला सशक्तीकरण की दिशा में सराहनीय प्रयास है।
ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। साथ ही स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने के लिए मंच भी मिलता है।
उन्होंने कहा कि करवाचौथ पर मेहंदी का विशेष महत्व है। इस उत्सव के माध्यम से महिलाओं को उचित शुल्क पर मेहंदी लगवाने की सुविधा मिलेगी। वहीं, स्थानीय प्रशिक्षित युवतियों को अपनी कला प्रदर्शित करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।
क्लब के अध्यक्ष दीक्षित गौतम ने बताया कि उत्सव के दौरान करीब 80 स्थानीय प्रशिक्षित युवतियां गांधी चौक पर महिलाओं को सामान्य शुल्क पर मेहंदी लगाएंगी। आयोजकों ने लोगों से उत्सव में भाग लेकर स्थानीय युवतियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की अपील की।
बाक्स:
बाजार में रौनक, मेहंदी लगवाने के लिए उमड़ी भीड़
करवाचौथ के चलते हमीरपुर के बाजारों में खूब चहल पहल है। महिलाएं पर्व की तैयारियों के लिए जमकर खरीदारी कर रही हैं। कपड़ों, शृंगार सामग्री और पूजा से जुड़ी वस्तुओं की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है। वहीं, गांधी चौक पर आयोजित मेहंदी उत्सव में भी मेहंदी लगवाने के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है।
हमीरपुर बाजार में करवा चौथ पर्व पर सरगी की खरीदारी करती महिलाएं। संवाद