जाहू (हमीरपुर)। हिमाचल पथ परिवहन निगम की तीन बस सेवाओं के बंद होने से जाहू बस अड्डे पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इनमें रिकांगपियो, बिलासपुर और केलांग डिपो की एक-एक बस शामिल है।
रिकांगपियो डिपो की धर्मपुर–रिकांगपियो (वाया मंडी, करसोग, लुहरी) रात्रि बस सेवा अचानक बंद कर दी गई है, जो दूरदराज क्षेत्रों में नौकरी करने वाले लोगों के लिए काफी सुविधाजनक मानी जाती थी। वहीं, बिलासपुर डिपो की जाहू–चंडीगढ़ (वाया नालागढ़) रात्रि बस सेवा भी बंद होने से बद्दी-नालागढ़ औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले यात्रियों को दिक्कतें बढ़ गई हैं।
इसके अलावा केलांग डिपो की सरकाघाट–केलांग (वाया मनाली) बस सेवा भी बंद कर दी गई है, जो सुबह जाहू से पहली लंबी दूरी की बस के रूप में उपयोगी मानी जाती थी।
ये बस सेवाएं बंद होने से स्थानीय लोगों में रोष है। इस संबंध में पंचायत प्रधान चमन लाल काकू, सुलपुर-बही पंचायत प्रधान अर्जुन सिंह कौंड़ल, मुंडखर पंचायत प्रधान निरंतला देवी और धमरोल पंचायत प्रधान विजय कुमार ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री से इन बस सेवाओं को पुनः शुरू करने की मांग की है।