लदरौर(हमीरपुर)। तीन जिलों के संगम स्थल पर स्थित संतोषी माता मंदिर लदरौर में पिछले छह दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित है, जिससे श्रद्धालुओं और मंदिर कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पानी की आपूर्ति न होने से मंदिर परिसर की दैनिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। सबसे अधिक असर लंगर व्यवस्था, साफ-सफाई और शौचालय संचालन पर पड़ा है। श्रद्धालुओं को पीने के पानी के लिए भी कठिनाई झेलनी पड़ रही है।
मंदिर कमेटी को मजबूरी में बाहर से टैंकर मंगवाकर व्यवस्था करनी पड़ रही है। मंदिर कमेटी के प्रधान बलवंत सिंह, उपप्रधान विद्या सागर, सदस्य भागीरथ, वत्तन सिंह और कमलजीत आदि ने बताया कि पानी की कमी के कारण नियमित कार्यों को सुचारू रूप से चलाना मुश्किल हो गया है।
उन्होंने बताया कि लंगर संचालन, भोजन तैयारी और बर्तनों की सफाई जैसे कार्य प्रभावित हो रहे हैं। साथ ही मंदिर परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था भी बाधित है, जिससे श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
मंदिर कमेटी ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।
कोट
मामला ध्यान में नहीं है। कर्मचारियों को मौके पर भेजकर मंदिर का निरीक्षण किया जाएगा। स्थिति के अनुसार कार्रवाई कर समस्या का हल किया जाएगा।
-राजेंद्र पठानिया, एसडीओ, जल शक्ति विभाग, लदरौर