हमीरपुर। चिट्टा बरामदगी के मामले में हमीरपुर के सत्र न्यायाधीश भुवनेश अवस्थी की अदालत ने तीन आरोपियों को दो-दो साल की कैद और जुर्माने की सजा सुनाई है। कोर्ट ने मंडी जिले के बलद्वाड़ा तहसील के भांवला पंचायत निवासी अनिल कुमार, करतार सिंह उर्फ तारू और अजय कुमार को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत दोषी करार दिया है।
विज्ञापन
कोर्ट ने उन्हें दो साल कैद और दस-दस हजार रुपये जुर्माना और धारा 29 के तहत छह महीने की कैद और पांच-पांच हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना न देने की स्थिति में धारा 21(बी) में दो माह और धारा 29 में 15 दिन का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। यह मामला 8 जुलाई 2022 का है। रात करीब 2:20 बजे पुलिस गश्त के दौरान पट्टा चौक पर थी। तभी भोटा की ओर से आ रही एक कार को रोकने का इशारा किया गया। कार में तीनों आरोपी सवार थे। तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड से छह ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी।
मामले की पैरवी जिला न्यायवादी संदीप अग्निहोत्री ने की। उन्होंने अभियोजन पक्ष की ओर से कुल 18 गवाहों को पेश किया। साक्ष्यों के आधार पर कोर्ट ने तीनों आरोपियों को दोषी मानते हुए सजा सुनाई।