जिलाभर की पंचायतों को दिए ऐसे लोगों के नाम देने के आदेश
बीडीओ कार्यालय में किया जाएगा पंजीकरण
ऐसे लोगों के जीवन स्तर को सुधारने के किए जा रहे हैं प्रयास
डीआरडीए ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों को दिए पहचान के आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिलाभर में ऐसे लोग जो आज भी हाथ से मैला (सीवरेज व शौचालयों की गंदगी) उठाते हैं, उनकी पहचान की जाएगी। सभी ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों को शीघ्र ऐसे लोगों की सूची भेजने के लिए कहा गया है। कई ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी सार्वजनिक स्थलों पर बने शौचालयों की गंदगी को हाथों से उठाया जा रहा है। इससे इन लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कई बीमारियों का शिकार भी हो रहे हैं।
ऐसे में अब इन मैला ढोने वाले लोगों का बीडीओ कार्यालय हमीरपुर में पंजीकरण होगा। इन लोगों के जीवनस्तर को बेहतर बनाने के लिए यह कार्य किया जा रहा है। डीआरडीए के तहत सभी पंचायतों के प्रतिनिधियों को यह आदेश दे दिए गए हैं कि जल्द ऐसे लोगों की सूची दी जाए ताकि इनको विभागीय लाभ प्रदान किए जा सकें। 15 अप्रैल तक यह पंजीकरण होना है। इस बारे में पीओ डीआरडीए चंद्रवीर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे लोग जो हाथों से मैला ढोने का कार्य करते हैं, उनका पंजीकरण किया जा रहा है ताकि ऐसे लोगों की पहचान की जा सके और उनके हित के लिए कार्य किया जा सके।