कलूर गांव में सामने आया मामला, पुलिस ने मामला दर्जकर शुरू की छानबीन
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन (हमीरपुर)। पुलिस थाना नादौन के तहत चोरी का मामला दर्ज किया गया है। कलूर गांव में एक घर के ताले तोड़कर चोरों ने करीब 80 हजार की नकदी पर हाथ साफ किया है। घर के मालिक चंडीगढ़ में रहते हैं। जबकि यहां किराये का कमरा लेकर रहने वाले चमन कुमार ने कहा कि वह शहर में अस्पताल मार्ग पर फर्नीचर आदि की दुकान करते हैं। गत दिवस उनका बेटा किसी काम से बाहर गया हुआ था जबकि वह नादौन में ही अपने घर पर रुके थे।
उन्होंने कहा कि वीरवार सुबह जब उनका बेटा किराये के कमरे में पहुंचा तो देखा कि मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए थे तथा घर का सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ था। उन्होंने कहा कि उनके कमरे से करीब 60 हजार और भवन मालिक की ओर से रखी गई करीब 20 हजार की नकदी गायब थी। घटना की सूचना मिलने पर मौका पर पहुंची पुलिस ने घर का निरीक्षण किया तथा आसपास के लोगों के बयान कलमबद्ध किए। थाना प्रभारी बाबूराम शर्मा ने कहा कि मामला दर्ज करके कार्रवाई आरंभ कर दी गई है।