भोरंज (हमीरपुर)। सिविल अस्पताल भोरंज के रोगी वार्ड में पांच दिन से पानी नहीं है। इस कारण यहां पर दाखिल मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नौबत यहां तक आ गई है कि मरीज अस्पताल से छुट्टी लेकर घर जा रहे हैं। भकरेड़ी की मरीज केसरी देवी तीन दिनों से अस्पताल में इलाज करवा रही थीं। उन्हें बुखार था। अस्पताल में पानी नहीं होने के कारण वह घर चली गईं। वहीं, कई मरीज घर जाने की योजना बना रहे हैं। पानी की सप्लाई नहीं होने के चलते मरीजों को शौचालय जाने के लिए भी दिक्कत हो रही है। कई मरीज तो नजदीकी घरों में नहाने आदि के लिए जा रहे हैं।
सबसे अधिक समस्या उल्टी और दस्त वाले मरीजों को आ रही है। भोरंज अस्पताल में अभी विभिन्न बीमारियों से पीड़ित करीब 15 मरीज उपचाराधीन हैं। मरीजों ने कई बार अस्पताल प्रबंधन को समस्या से अवगत करवाया है, लेकिन अभी तक समस्या का हल नहीं हुआ है। हालांकि अस्पताल की अन्य जगहों पर पानी है, लेकिन रोगी वार्ड में ही पानी की समस्या बनी हुई है। मरीजों ने अस्पताल प्रशासन से जल्द से जल्द पानी उपलब्ध करवाने की मांग की है।
कोट
-पानी की सप्लाई पूरी है। मामला ध्यान में आया है कि अस्पताल की ऊपर वाली टंकियों में पानी नहीं पहुंच रहा है। अस्पताल प्रशासन को टूल्लू पंप से पानी लिफ्ट करने की सलाह दी गई है।
-आशीष देव, एसडीओ, जल शक्ति विभाग, भोरंज
पानी की आपूर्ति कम होने के कारण ऊपर बाली टंकियों में पानी नहीं आ रहा है। बुधवार को पानी लिफ्ट करने के लिए पंप की फिटिंग कर दी जाएगी।
- डॉ. ललित कालिया, बीएमओ भोरंज