भोरंज (हमीरपुर)। नागरिक अस्पताल भोरंज में आठ महीने से नेत्र रोग विशेषज्ञ नहीं है। इस कारण लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। अस्पताल में प्रतिनियुक्ति पर दो दिन के लिए चिकित्सक को बुलाया जाता है, जबकि अन्य दिन मरीजों को मेडिकल कॉलेज का रुख करना पड़ता है। मरीजों को अपने चश्मे का नंबर चैक करवाने के लिए भी लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
उपमंडल में चालक-परिचालक के लाइसेंस बनाने के लिए जरूरी आंखों की जांच भी नहीं हो पा रही है। मंगलवार और बुधवार को भरेड़ी से डॉक्टर प्रतिनियुक्ति पर सेवाएं देने के लिए भोरंज अस्पताल आते हैं। ग्रामीण में राकेश कुमार, विनोद कुमार, राजेश कुमार, लवली, रणवीर सिंह आदि ने कहा कि यहां पर स्थायी नेत्र रोग विशेषज्ञ की तैनाती की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। उधर, बीएमओ भोरंज डॉ. ललित कालिया ने बताया कि खाली पद के बारे में उच्चाधिकारियों को सूचित कर दिया है। फिलहाल दो दिन के लिए अस्पताल में प्रतिनियुक्ति पर चिकित्सक का बुलाया जा रहा है।