बैरियर नंबर एक पर मंदिर परिसर की ओर जाने वाल गाड़ियों की चेकिंग करते सुरक्षा कर्मी। संवाद।
दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। भारत-पाक तनाव के चलते विश्व प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। मंदिर में सुरक्षा कर्मियों की संख्या पूर्व की भांति है। हालांकि मंदिर परिसर की ओर जाने वाली गाड़ियों की गेट नंबर एक और दो पर चेकिंग की जा रही है। मंदिर में शुक्रवार को श्रद्धालुओं की भीड़ भी बेहद कम दिखी है। शनिवार और रविवार को मंदिर में हजारों श्रद्धालु शीश नवाने आते हैं। मंदिर के मुख्य गेट के पास लगा मेटल डिटेक्टर भी हटा दिया गया है। इस डिटेक्टर को मेलों के दौरान अधिक भीड़ के लिए प्रयोग किया जाता है।
समय - 04:08 बजे शाम
स्थान- बैरियर नंबर एक लोअर बाजार दियोटसिद्ध यहां पर पांच पुलिस जवान तैनात हैं। बैरियर से मंदिर परिसर की ओर जाने वाली गाड़ियों के दस्तावेजों को जांचा जा रहा है। चेकिंग के बाद ही इन गाड़ियों को मंदिर परिसर की ओर भेजा जा रहा है। यहां पर सुरक्षा कर्मियों की संख्या पूर्व की भांति ही है। संख्या में कोई बड़ा बदलाव नहीं है लेकिन चेकिंग को बढ़ा दिया गया है।
समय- 04:35 बजे शाम
स्थान- बैरियर नंबर दो।
यहां पर दो सुरक्षा कर्मी तैनात हैं। बैरिकेड लगाए गए हैं। हर गाड़ी के पास को चेक किया जा रहा है। बिना पास के किसी भी गाड़ी को अपर बाजार में एंट्री नहीं दी जा रही है। यहां पर मंदिर प्रशासन की ओर से जारी पास को चेक करने के बाद गाड़ियों को आगे भेजा रहा है।
समय - 05:15 बजे शाम
स्थान- मंदिर परिसर के अपर बाजार का गेट
यहां पर दो पुलिसकर्मी तैनात हैं। मंदिर परिसर के अंदर 30 सुरक्षा कर्मी मंदिर प्रशासन की ओर से नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा मंदिर परिसर से बाहर बैरियर और गेट पर दो दर्जन से अधिक पुलिस और सुरक्षा कर्मी तैनात हैं जो कि शिफ्ट में सेवाएं दे रहे हैं।
मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। सुरक्षा कर्मियों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। हर गाड़ी की चेकिंग की जा रही है।
-राजेंद्र गौतम, अध्यक्ष बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास दियोटसिद्ध एवं एसडीएम बड़सर
मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद है। सुरक्षा कर्मी चेकिंग के बाद ही बैरियर से गाड़ियों को आगे भेज रहे हैं। सुरक्षा में पूरी सतर्कता बरती जा रही है।
-लालमन डीएसपी बड़सर