नादौन के इंद्रपाल चौक पर एनएच पर उखड़ी टारिंग।
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन। उपमंडल मुख्यालय नादौन के इंद्रपाल चौक पर की गई टारिंग एक माह के भीतर ही उखड़ गई है। यहां पर दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लाखों रुपये खर्च कर सड़क की टारिंग करवाई गई थी, लेकिन एक महीने के अंदर ही यह टारिंग जवाब दे गई। अब इस सड़क की हालत दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क का निर्माण कार्य मापदंडों से विपरीत हुआ है, जिसकी जांच होनी चाहिए। घटिया निर्माण कार्य पर एनएचएआई की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में है।
नादौन के इंद्रपाल चौक के साथ वाली जगह को पुलिस विभाग ने दुर्घटना संभावित बताते हुए ब्लैक स्पॉट घोषित किया था। दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एनएचएआई ने इस स्थल पर लाखों रुपये खर्च करके इस सड़क को पहले समतल किया और बाद में टारिंग का कार्य किया गया। पिछले दिनों लगातार हुई बारिश के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। जिससे राहगीरों, वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क पर बिखरी बजरी के कारण दोपहिया वाहन चालक स्किड होकर चोटिल हो रहे हैं। एनएचएआई के इंजीनियर अजय ठाकुर ने कहा कि इस सड़क की मरम्मत के लिए ठेकेदार को आदेश दिए गए हैं, परंतु ठेेकेदारों की हड़ताल की वजह से प्लांट बंद होने के कारण समस्या पेश आ रही है। समस्या का समाधान जल्द करवाया जाएगा।