हमीरपुर। सदर थाना के तहत बरोहा स्थित सूरज रेस्टोरेंट से एक लाख 18 हजार रुपये की नकदी चोरी के आरोपी को हथली पुल से गिरफ्तार किया गया था। आरोपी को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया।
कोर्ट ने आरोपी को सोमवार तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी की पहचान पहने हुए कपड़ों और बाएं हाथ में बने टैटू के आधार पर की थी। आरोपी की पहचान सूरज पाल उर्फ बादल निवासी गांव घडुही, डाकखाना रामपुर बसंत तहसील तिलैहर जिला शाहजहांपुर के रूप में हुई है। आरोपी पर तीन से चार जगहों पर चोरी का प्रयास करने का भी आरोप है। वहीं, एसपी भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि आरोपी को सोमवार तक पुलिस रिमांड दिया है। मामले में जांच जारी है।
गौर हो कि बीते दिन जिस घर में आरोपी ने चोरी की थी, उस घर के सदस्य की ओर से शनिवार को चोरी की शिकायत दी गई है। गांव घुरैड़े की शैली पत्नी ललित मोहन ने बताया कि वह किसी काम से बाहर गई थी। जब वह अपने घर गई तो घर के अंदर लॉकर में रखे सोने के गहने और करीब 12,500 रुपये गायब थे। उन्होंने गहनों और नकदी को ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मिली। शैली ने चोरी की शिकायत सदर थाना में दी है। एसपी भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि मामले में जांच जारी है।