बड़सर(हमीरपुर)। आपदा के छह माह बीत जाने के बाद भी सौर पंचायत में प्रभावित परिवार को ठिकाना नहीं मिल पाया है। हालात ऐसे हैं कि गरीब परिवार को अभी तक आवास बनाने के लिए भी कोई सहायता नहीं मिल पाई है।
पक्के मकान के लिए दंपती दो बार ग्राम सभा में मांग कर चुके हैं। आपदा प्रभावित बुजुर्ग दंपती पड़ोसियों द्वारा बनाए गए स्टोर रूम में जीवन यापन करने को मजबूर है। वर्तमान में वे एक छोटे से कमरे में जीवन यापन कर रहे हैं, जहां खाने-पीने का सामान और दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी उसी कमरे में रखी हैं।
बीते वर्ष सितंबर में लगातार बारिश से परिवार का दोमंजिला स्लेटपोश मकान ढह गया है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को केवल 10 हजार रुपये की फौरी सहायता प्रदान की गई है, लेकिन अभी तक उन्हें मकान बनाने के लिए कोई भी सहायता राशि नहीं मिल पाई है।
परिवार के मुखिया 70 वर्षीय प्रीतम चंद दिहाड़ी-मजदूरी कर गुजारा कर रहे हैं। परिवार में 63 वर्षीय निर्मला देवी और एक बेटा है, जो कि निजी कंपनी में कार्यरत है और पत्नी व बच्चों के साथ बाहर रहता है। पीड़ित लंबे समय से सरकारी योजनाओं के तहत मकान के निर्माण की उम्मीद लगाए हुए हैं, लेकिन कई दफा आवेदन के बावजूद इन्हें मकान के निर्माण के लिए सरकार की ओर से आर्थिक मदद नहीं मिल पाई है।
कोट
मामला ध्यान में है। प्रभावित परिवार को बीपीएल सूची में शामिल करने और आवास बनाने के लिए सहायता राशि उपलब्ध करवाने के लिए रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को प्रेषित की गई है।
-रमेश शर्मा, खंड विकास अधिकारी, बिझड़ी
कोट्स:
छह माह बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। मकान के निर्माण को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत करवाया गया है।
-निर्मला देवी, आपदा प्रभावित
आपदा के दौरान घर के साथ बने स्टोर रूम में परिवार को आश्रय दिया गया है। ग्राम सभा में गरीब परिवार को बीपीएल सूची में डालने की मांग की गई है, लेकिन अभी तक समस्या हल नहीं हुई है।
-दुर्गा रानी, सौर निवासी
सरकार को पंचायतों को आपदा प्रभावित परिवारों को सहायता देने के लिए निर्देश देने चाहिएं, ताकि प्रभावित परिवारों को जीवन यापन करने में परेशानी न हो।
- प्रिया, युवा
सौर पंचायत में आपदा के बाद स्टोर रूम में बुजुर्ग दंपत्ति का सामान। संवाद
सौर पंचायत में आपदा के बाद स्टोर रूम में बुजुर्ग दंपत्ति का सामान। संवाद
सौर पंचायत में आपदा के बाद स्टोर रूम में बुजुर्ग दंपत्ति का सामान। संवाद