हमीरपुर। जिले में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। हमीरपुर, सुजानपुर और भरेड़ी सहित कई क्षेत्रों में हल्की बारिश होने से लोगों को उमस और तेज गर्मी से राहत मिली।
बारिश के बाद मौसम कुछ समय के लिए सुहावना हो गया, हालांकि दोपहर तक फिर से धूप निकल आई। कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और तपिश से परेशान लोगों ने बारिश से राहत की सांस ली। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और अंधड़ के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई।
बारिश के कारण अणु में अणु–सुजानपुर 33 केवी बिजली लाइन पर बांस गिर गया, जिससे अणु सहित आसपास के क्षेत्रों में करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली बोर्ड के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और लाइन की मरम्मत कर आपूर्ति को बहाल किया।
बिजली बोर्ड हमीरपुर के एसई आशीष कपूर ने बताया कि कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे जल्द ही बहाल कर दिया गया।
अगले माह मक्की की होगी बिजाई
अगले माह किसानों की ओर से मक्की और चारा फसलों की बिजाई की जाएगी। इस बारिश को बिजाई के लिए अच्छा माना जा रहा है। कृषि विक्रय केंद्रों से किसान मक्की और चारा फसलें खरीद रहे हैं। हालांकि इस साल बीज पर अनुदान खत्म कर दिया गया है। किसानों को सरकार की ओर से तय दामों पर बीज दिया जा रहा है।