नादौन (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत पनसाई के तहत छोटा बल्ह गांव में बिना पानी और बिजली के रह रही महिला को अब बिजली तथा पानी का कनेक्शन मिलेगा। मुख्यमंत्री से गुहार लगाने के बाद मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद अधिकारियों ने शनिवार को मौके पर जाकर परिस्थितियों का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री के निर्देश मिलते ही बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता हिमेश कुमार, नायब तहसीलदार बलवंत सिंह, जल शक्ति विभाग के जेई अमित कुमार, नादौन स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी शनिवार सुबह गांव छोटा बल्ह पहुंचे और मकान की मालिक बीना देवी, उसके पति राहुल सिंह, मां और भाई से बातचीत कर उनकी समस्या सुनी।
स्थानीय लोगों की उपस्थिति में विभागीय अधिकारियों ने बीना देवी तथा उनके परिजनों को बताया कि बिजली एवं पेयजल कनेक्शन के लिए सभी आवश्यक सामग्री अतिशीघ्र साइट पर पहुंचा दी जाएगी और जहां से बिजली एवं पाइपलाइन बिछाई जानी है, उस जमीन के मालिकों की सहमति के आधार पर तुरंत कार्य शुरू कर दिया जाएगा।