संवाद न्यूज एजेंसी
बड़सर(हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के मैहरे बाजार में 50 किलोमीटर की दूरी तय कर कचरा उठाने के लिए ऊना से गाड़ी पहुंच रही है, लेकिन बाजार की गलियों और मुख्य सड़कों पर लग रहे कचरे के ढेर दुकानदारों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं।
मुख्य सड़क के साथ कचरे के ढेरों से चारों ओर गंदगी का आलम बना हुआ है। इससे क्षेत्र में बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। पिछले लंबे समय से बाजार में कचरे की समस्या का समाधान न होने पर व्यापार मंडल मैहरे की ओर से ऊना से कूड़ा एकत्रित करने के लिए गाड़ी हायर की गई है, लेकिन गाड़ी के प्रतिदिन न आने से शहर में सफाई व्यवस्था शून्य है।
गाड़ी में आने वाले सफाई कर्मचारी मुख्य बाजार और साथ में स्थित कॉलोनियों से दूसरे और तीसरे दिन कूड़ा एकत्रित करते हैं। इसके लिए व्यापर मंडल की ओर से प्रतिमाह 60 से लेकर बड़ी दुकानों से 500 रुपये तक का कूड़ा शुल्क लिया जाता है, लेकिन दुकानदारों की मानें तो गाड़ी कुछेक दुकानों से ही कचरा उठाती है, जबकि अन्य स्थानों पर जगह-जगह कचरे के ढेर लगे रहते हैं। इससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले लंबे समय से बाजार में कचरे की समस्या गंभीर होती जा रही है, लेकिन समस्या का हल करने के लिए कोई भी कार्य नहीं हो रहा है।
कोट
व्यापार मंडल मैहरे के प्रधान विनोद लखनपाल ने कहा कि बाजार में कचरे की समस्या का समाधान करने के लिए सफाई कर्मचारियों को रखा गया है। बाजार में गाड़ी कूड़ा शुल्क देने वाली दुकानों से कचरा उठाती है। प्रशासन के समक्ष समस्या को रखा गया है, लेकिन अभी तक समस्या को लेकर कोई भी कार्रवाई नहीं हो पाई है।
कोट
बाजार के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र में चारों ओर कचरे के ढेर लगे हुए हैं। बाजार के साथ विभिन्न विभागीय अधिकारियों के आवास और कार्यालय हैं, लेकिन समस्या को लेकर सभी मूकदर्शक बने हुए हैं।
वीरू जसवाल, स्थानीय निवासी
बाजार में कचरा उठाने के लिए प्रतिमाह विभिन्न दरों पर कूड़ा शुल्क लिया जाता है। हालांकि स्थानीय प्रशासन और पंचायतें इस विषय में कई मीटिंग कर चुके हैं, लेकिन समस्या का कोई भी हल नहीं निकल पाया है।
बिन्नी विज, दुकानदार
प्रशासन को लिखित और मौखिक रूप से कई बार कचरे की समस्या का समाधान करने के बारे में अवगत करवा चुके हैं, लेकिन धरातल पर कोई भी कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
लवप्रीत सिंह, दुकानदार
व्यापार मंडल की ओर से कचरा उठाने के लिए लगाई गई गाड़ी कुछेक दुकानों और संस्थानों से ही कचरा उठाती है। ऐसे में कचरे की समस्या विकराल होती जा रही है।
करण ठाकुर, युवा
मुख्य बाजार मैहरे में लगे कचरे के ढेर। संवाद
मुख्य बाजार मैहरे में लगे कचरे के ढेर। संवाद
मुख्य बाजार मैहरे में लगे कचरे के ढेर। संवाद
मुख्य बाजार मैहरे में लगे कचरे के ढेर। संवाद
मुख्य बाजार मैहरे में लगे कचरे के ढेर। संवाद