जाहू (हमीरपुर)। शिक्षा खंड भोरंज के स्कूलों की अंडर-19 वर्ग के लड़कों की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शनिवार से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लदरौर में शुरू होगी। इसका शुभारंभ भोरंज विधायक सुरेश कुमार पूर्वाह्न 11 बजे बतौर मुख्यातिथि करेंगे।
यह प्रतियोगिता 7 सितंबर तक चलेगी। प्रतियोगिता में वॉलीबाल, कबड्डी और बैडमिंटन के मुकाबले होंगे। इसमें करीब 21 स्कूलों के 300 खिलाड़ी भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लदरौर के डीपीई रसील कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन किया गया है। खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की उचित व्यवस्था की गई है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डिडवीं के डीपीई अशोक कुमार को ब्लॉक समन्वयक और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाहन्वीं के डीपीई अनिल कुमार को सहायक समन्वयक नियुक्त किया गया है।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। प्रतियोगिता में जाहू, मुंडखर, बडैहर, बाहन्वीं, मनोह, खरवाड़, भुक्कड़, अमरोह, भोरंज, पट्टा, महल, ताल, डिडवीं, मैड़, लदरौर सहित अन्य सरकारी व निजी स्कूलों के खिलाड़ी भाग लेंगे।
जिला स्तरीय इस प्रतियोगिता में जगह बनाने के लिए खिलाड़ी पूरे उत्साह और तैयारी के साथ मैदान में उतरेंगे।