जाहू/धनेटा/हमीरपुर। जिले के चार शिक्षा खंडों में आयोजित अंडर-14 खंड स्तरीय छात्र वर्ग खेलकूद प्रतियोगिताओं के दूसरे दिन बुधवार को विभिन्न खेलों में कड़े मुकाबले हुए। भोरंज शिक्षा खंड की प्रतियोगिता मुंडखर स्कूल में हुई।
वालीबॉल में लक्ष्मी मेमोरियल पब्लिक स्कूल भोटी ने जाहू को 2-1 से हराया, जबकि एसवीएन तरक्वाड़ी ने लक्ष्मी मेमोरियल पब्लिक स्कूल भोटी को 2-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला अमरोह और एसवीएन तरक्वाड़ी के बीच होगा।
खो-खो के सेमीफाइनल में मेजबान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मुंडखर ने नव विभोर पब्लिक स्कूल सुलगवान को हराकर फाइनल में जगह बनाई। कबड्डी में शिशु निकेतन पब्लिक स्कूल दशमल ने लुद्दर महादेव स्कूल को 35-29 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
दूसरा सेमीफाइनल हाई स्कूल नाहलवीं और नव विभोर पब्लिक स्कूल सुलगवान के बीच होगा। बैडमिंटन में धमरोल, जोल, बडैहर और नव विभोर पब्लिक स्कूल सुलगवान विजेता रहे।
वहीं, नादौन शिक्षा खंड की प्रतियोगिता चौडू स्कूल में हुई। कबड्डी में चौडू ने रंगड़ को 60-26 से हराया, जबकि खो-खो में बल्डूहक विजेता रहा। बिझड़ी शिक्षा खंड की प्रतियोगिता ब्याड़ में हुई।
इसी प्रकार वाॅलीबाल में बैरी और सेवन स्टार बणी ने फाइनल में जगह बनाई। खो-खो में रैली जजरी और कबड्डी में सलौणी स्कूल विजेता रहा।
टौणी देवी शिक्षा खंड की प्रतियोगिता स्वाहल स्कूल में हुई। कबड्डी में बोहणी, बैडमिंटन में परोल और खो-खो में समीरपुर स्कूल विजेता रहा। प्रारंभिक शिक्षा खेल अधिकारी अश्वनी ने बताया कि चारों शिक्षा खंडों की प्रतियोगिताओं का समापन एक साथ होगा।