हमीरपुर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर निगम हमीरपुर में स्वच्छता सर्वेक्षण शुरू हो गया है। केंद्र से आई टीम पिछले तीन दिनों से शहर में निरीक्षण कर रही है और विभिन्न मानकों पर स्वच्छता व्यवस्था की जांच कर रही है।
टीम द्वारा सफाई व्यवस्था, डोर-टू-डोर कचरा संग्रह, कचरे का पृथक्करण, डंपिंग साइट, नालियों की सफाई, सीवरेज ट्रीटमेंट और स्कूलों के शौचालयों जैसी व्यवस्थाओं का बारीकी से आकलन किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान टीम ने वार्डों, डंपिंग साइट और अन्य स्थानों का दौरा किया।
टीम द्वारा एकत्र की जा रही जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड की जा रही है, जिसकी जानकारी नगर निगम अधिकारियों को भी नहीं है। अधिकारियों के अनुसार, सर्वेक्षण के परिणाम रैंकिंग जारी होने के बाद ही सार्वजनिक किए जाएंगे।
नगर निगम हमीरपुर इस समय देश में 48वें स्थान पर है, और इस बार रैंकिंग में सुधार होगा या गिरावट, यह परिणाम आने के बाद ही स्पष्ट होगा। वहीं, सहायक अभियंता अश्वनी कुमार ने बताया कि यह सर्वेक्षण गोपनीय प्रक्रिया है।