संवाद न्यूज एजेंसी रंगस (हमीरपुर)। नादौन के करंडोला में प्रदेश का पहला अलाइड हेल्थ केयर कॉलेज स्थापित किया जाएगा। कॉलेज निर्माण के लिए करंडोला प्लासी पंचायत के करंडोला में 106 कनाल भूमि चिह्नित की गई है।
यह स्थान निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज जोलसप्पड़ से करीब पांच किलोमीटर दूर है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रैल में वीरवार को जन स्वास्थ्य शिविर के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने यह घोषणा की।
उन्होंने कहा कि कॉलेज इसी वर्ष शुरू करने की योजना है। साथ ही पॉलिटेक्निक कॉलेज और आईटीआई में न्यू एज कोर्स शुरू किए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमीरपुर में एम्स स्तर का आयुर्वेदिक संस्थान स्थापित करने के प्रयास जारी हैं। इसके लिए प्रदेश ने बोली लगाई है और उम्मीद है कि यह संस्थान हिमाचल को मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने रैल में दो करोड़ रुपये से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने 2.10 करोड़ रुपये से बनने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रैल के भवन और 9.43 करोड़ रुपये से निर्मित होने वाले राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नादौन के अतिरिक्त भवन खंड का शिलान्यास भी किया।
इससे पहले उन्होंने जन स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ और पौधरोपण किया। इस अवसर पर कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, हि.प्र. अन्य पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम के उपाध्यक्ष डॉ. मोहन लाल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पृथ्वी चंद, उपायुक्त गंधर्वा राठौर सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
रैल में आयोजित जनस्वास्थ्य शिविर में पहुंचने पर सीएम सुक्खू का स्वागत करते स्थानीय लोग। विभाग।
रैल में आयोजित जनस्वास्थ्य शिविर में पहुंचने पर सीएम सुक्खू का स्वागत करते स्थानीय लोग। विभाग।
रैल में आयोजित जनस्वास्थ्य शिविर में पहुंचने पर सीएम सुक्खू का स्वागत करते स्थानीय लोग। विभाग।