संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। हिमाचल बिजली बोर्ड पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन हमीरपुर जिला की बैठक प्रधान केके कपिल की अध्यक्षता में हुई। पेंशनरों ने जनवरी 2016 से देय संशोधित वेतन और पेंशन का एरियर, ग्रेच्युटी और लीव इनकैशमेंट का बकाया नौ वर्ष बीत जाने पर भी नहीं दिए जाने पर रोष व्यक्त किया।
एसोसिएशन की 25 अप्रैल को बोर्ड प्रबंधन के साथ हुई बैठक में बताया गया है कि जब प्रदेश सरकार आदेश करेगी, तभी एरियर देने के बारे में गौर किया जाएगा। इसके अलावा डीए लागू करने के भी कोई स्पष्ट आदेश नहीं किए जा रहे हैं।
प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष डीएस ढटवालिया, उपाध्यक्ष सीएस चंदेल, जिला प्रधान केके कपिल, महासचिव लाल चंद परमार ने प्रदेश सरकार से प्रश्न किया है कि अगले वर्ष 2026 से नए वेतनमान लागू होने वाले हैं, मगर प्रदेश के कर्मचारियों को जनवरी 2016 से देय संशोधित वेतन व पेंशन, लीव इनकैशमेंट और पेंशन कम्यूटेशन का बकाया कब मिलेगा।
प्रदेश सरकार डीए का भुगतान भी समय पर नहीं कर रही है। जुलाई 2022 से मार्च 2024 तक 21 महीने का चार प्रतिशत तथा जनवरी 2023 से सितंबर 2024 तक का 21 महीने का चार प्रतिशत डीए का बकाया पर सरकार कुंडली मारकर बैठ गई है। जुलाई 2023 से चार प्रतिशत, जनवरी 2024 से चार प्रतिशत, जुलाई 2024 से तीन प्रतिशत और जनवरी 2025 से दो प्रतिशत सहित कुल मिलाकर 13 प्रतिशत डीए और देय हो चुका है।
उन्होंने प्रदेश सरकार से संशोधित वेतन व पेंशन का बकाया और डीए देने के बारे में अपनी नीति स्पष्ट करने को कहा है। यदि बकाया राशि का भुगतान जल्द नहीं किया गया तो प्रदेशभर के पेंशनर संघर्ष की राह अपनाएंगे। इस अवसर पर अशोक शर्मा, पीडी शर्मा, उत्तम चौहान सहित अन्य पेंशनर मौजूद रहे।