भरेड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरेड़ी में सड़क किनारे बनी सुरक्षा दीवार भारी बारिश के चलते गिर गई है। नाली निर्माण के लिए की गई खोदाई के बाद यह दीवार अस्थिर हो गई थी।
हालांकि, ग्रामीणों ने समय रहते खोदाई रोकने की गुहार लगाई थी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। नतीजतन सोमवार को मूसलाधार बारिश के बीच दीवार गिर गई। दीवार के गिरने से अस्पताल परिसर की सुरक्षा को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। सबसे अधिक चिंता का विषय यह है कि अस्पताल का पुराना भवन, जहां चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी निवास कर रहे हैं, अब सीधे भूस्खलन की जद में आ गए हैं।
यदि शीघ्र सुरक्षा दीवार का पुनर्निर्माण नहीं किया गया तो साथ लगता कमरा भी किसी भी समय ढह सकता है। इसके अलावा अस्पताल की नई इमारत, जो पुराने भवन के साथ सटी है, वह भी खतरे की जद में आ चुकी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि नाली निर्माण के दौरान लापरवाही बरती गई है। ग्रामीणों द्वारा चेतावनी देने के बावजूद यहां पर खुदाई की गई।
उधर, लोक निर्माण विभाग उपमंडल भरेड़ी के कनिष्ठ अभियंता प्रवीण कुमार ने बताया कि विभाग को मामले की जानकारी मिली है। शीघ्र ही प्राथमिकता के आधार पर अस्पताल की सुरक्षा दीवार का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।