बिझड़ी (हमीरपुर)। बाल विकास परियोजना अधिकारी बिझड़ी के तहत आंगनबाड़ी केंद्र बटियाणा के भवन की छत पर बारिश में पानी टपकता है। यहां पर सामुदायिक भवन में यह केंद्र संचालित है।
इस भवन को मरम्मत की दरकार है। मरम्मत न होने से अब बरसात में छत से पानी टपक रहा है, जिसके चलते अभिभावक बच्चों को केंद्र में नहीं भेज रहे हैं।पिछले दिनों से लगातार हो रही जोरदार बारिश से आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यरत कार्यकर्ता और हेल्पर भी इस बात को लेकर चिंतित हैं।
लोगों का कहना है कि इससे पहले भी विभाग को इस बारे में सूचित किया जा चुका है। उन्होंने प्रदेश सरकार और स्थानीय विधायक से समस्या के समाधान की मांग उठाई है। बारिश के पानी से केंद्र का कमरा हर दिन खराब हो रहा है, जिससे यहां पर रखा सामान भी खराब हो रहा है।
वहीं, अतिरिक्त बाल विकास परियोजना अधिकारी बिझड़ी मनोज कुमार ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र को मरम्मत की आवश्यकता है। बच्चों की जिंदगी से कोई रिस्क नहीं लिया जाएगा।
वहीं, विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि इसके लिए एस्टीमेट मंगवाया गया है। जल्द ही विधायक निधि से बजट उपलब्ध करवाकर मरम्मत कार्य करवाया जाएगा। संवाद