भोरंज में पद गोपनियता की शपथ ग्रहण करते पंचायत प्रतिनिधि।
- फोटो : Hamirpur-HP
भोरंज(हमीरपुर)। विकास खंड भोरंज की 39 पंचायतों में चुने गए पंचायत प्रधानों, उपप्रधानों और 21 पंचायत समिति सदस्यों के लिए वीरवार को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। एसडीएम राकेश कुमार ने सभी नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलवाई। इस अवसर पर बीडीओ मनोज कुमार, पंचायत निरीक्षक बलबीर सिंह और उपनिरीक्षक राजेश कुमार, नायब तहसीलदार महेंद्र उपस्थित रहे। भोरंज उपमंडल की 39 पंचायतों के प्रधानों और उपप्रधानों का वीरवार को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ।
विकास खंड में पहले 33 पंचायतें थी और नई 6 पंचायतों के गठन के साथ 39 पंचायतों में चुनाव हुआ। इनमें से 1 पंचायत में प्रधान निर्विरोध बनाया गया है। शेष 38 पंचायतों में मतदान से प्रधानों और उपप्रधानों का चुनाव हुआ है। इन सभी पंचायत प्रधानों और उपप्रधानों को अब पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण करवाई गई। इसके अलावा उपमंडल की 39 पंचायतों के 21 पंचायत समिति सदस्यों ने भी वीरवार को शपथ ग्रहण की। एसडीएम भोरंज राकेश कुमार ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई दी। उन्होंने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए प्रतिनिधियों से पूरी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से काम करते हुए पंचायतों का विकास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन की योजनाओं को जनजागरण तक पहुंचाकर उन्हें लाभान्वित करें।