पद रिक्त होने से कामकाज प्रभावित, लोगों ने की सरकार से पद भरने की मांग
संवाद न्यूज एजेंजी
भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के तहत तहसील भोरंज में नायब तहसीलदार का पद एक माह से रिक्त है। इस कारण कार्यालय और फील्ड के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। अलग-अलग पटवार घरों में इंतकाल भी नहीं हो पा रहे हैं। एक माह पहले यहां पर तैनात नायब तहसीलदार का तबादला हो गया था। तब से यहां पर किसी भी नायब तहसीलदार के ऑर्डर नहीं हुए हैं।
तहसील क्षेत्र के लोगों के रजिस्ट्री और राजस्व संबंधित कार्य नहीं हो पा रहे हैं, जिस कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों में अंकुश, अमन, संजय, पंकज आदि ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि भोरंज तहसील में जल्द से जल्द नायब तहसीलदार के पद को भरा जाए।
उधर, तहसीलदार भोरंज डॉ. आशीष शर्मा ने कहा कि नायब तहसीलदार के रिक्त पद के बारे में उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। उम्मीद है कि जल्द ही यहां पर नायब तहसीलदार की नियुक्ति होगी। उन्होंने कहा कि लोगों के कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए प्रयास किये जा रहे हैं। लोगों को बेहतर सुविधा देने के लिए सरकार प्रयासरत है।