सुजानपुर(हमीरपुर)। चार माह का समय बीत जाने के बाद भी सुजानपुर अस्पताल में खंड स्वास्थ्य अधिकारी का पद नहीं भर पाया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अस्पताल में कार्यरत चिकित्सक के पास अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।
ऐसे में चिकित्सक को मरीजों की जांच के साथ स्वास्थ्य अधिकारी का कार्य करने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सिविल अस्पताल के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आते हैं। स्वास्थ्य केंद्रों में स्टाफ की नियुक्ति के साथ दवाइयों का खर्च व अन्य कार्य करने के लिए खंड स्वास्थ्य अधिकारी का होना आवश्यक है, लेकिन विभाग की ओर से अतिरिक्त कार्यभार के साथ कार्य करवाया जा रहा है, जिससे चिकित्सक के साथ मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि सिविल अस्पताल सुजानपुर में प्रतिदिन 200 से 250 के करीब ओपीडी रहती है। कांगड़ा, मंडी और हमीरपुर एक साथ तीन जिलों से सटा होने के कारण अस्पताल में प्रतिदिन सैकड़ों मरीज स्वास्थ्य जांच व उपचार के लिए पहुंचते हैं। सिविल अस्पताल का दर्जा होने के बाद भी अस्पताल में प्रभारी का पद रिक्त है। इससे मरीजों को परेशान होना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पूर्व में अस्पताल में चार विशेषज्ञों के पद रिक्त थे, लेकिन विभाग की ओर से इन पदों पर नियुक्ति कर दी गई। अब खंड स्वास्थ्य अधिकारी के पद भरने में देरी की जा रही है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से रिक्त पद को भरने की मांग की है।
कोट
अस्पताल में कार्यरत चिकित्सक के पास खंड स्वास्थ्य अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। रिक्त पद के बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया गया है।
-डॉ. प्रवीण चौधरी, सीएमओ, हमीरपुर