बड़सर (हमीरपुर)। बाल विकास परियोजना बिझड़ी के अंतर्गत ग्राम पंचायत सकरोह के कोहला आंगनबाड़ी केंद्र में सहायिका के एक रिक्त पद को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक पात्र महिला अभ्यर्थी 12 नवंबर 2026 को शाम पांच बजे तक आवेदन जमा करवा सकती हैं।
पद के लिए साक्षात्कार 20 नवंबर को सुबह 11 बजे उपमंडल अधिकारी बड़सर के मिनी सचिवालय स्थित कार्यालय में होगा। बाल विकास परियोजना अधिकारी सलीम मुहम्मद ने बताया कि अभ्यर्थियों को आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेजों की सत्यापित प्रतियां संलग्न कर बाल विकास परियोजना अधिकारी बिझड़ी के कार्यालय में जमा करवानी होंगी।
उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए महिला अभ्यर्थी की आयु विज्ञापन की तिथि को 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। अभ्यर्थी संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के फीडिंग एरिया की निवासी होनी चाहिए। परिवार की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 75 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा अभ्यर्थी का जमा दो कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।