बैरी ब्राहमणा में नाले में गिरा टूटे पैराफिट का हिस्सा। स्रोत जागरूक पाठक
भरेड़ी (हमीरपुर)। थाना भोरंज के तहत गांव बैरी ब्राह्मणा में हुए दर्दनाक हादसे के बाद लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान टूटे हुए पैराफिट की जांच के साथ-साथ अन्य पैराफिटों की स्थिति का भी जायजा लिया गया।
गौरतलब है कि कलाऊ मोड़ से भरेड़ी सड़क का निर्माण वर्ष 2009-10 में किया गया था, जिसके दौरान पैराफिटों का निर्माण भी हुआ था। इस परियोजना पर करीब 2.75 करोड़ रुपये खर्च हुए थे।
नाबार्ड के तहत बनी इस सड़क की टारिंग पांच वर्ष के अंतराल पर होनी थी, लेकिन लगभग 16 वर्ष पुराने पैराफिटों की मरम्मत अब तक नहीं हो पाई थी। बीते शनिवार शाम बैरी ब्राह्मणा निवासी अंकित कुमार अपने दोस्तों के साथ साइकिल चला रहा था।
करीब सात बजे साइकिल खड़ी करते समय वह अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क किनारे नाले में गिर गया। इसी दौरान सड़क किनारे लगा आधा टूटा पैराफिट भी उसके साथ नीचे गिर गया।
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल अंकित को तुरंत सरकाघाट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, लोक निर्माण विभाग भोरंज के अधिशासी अभियंता राजेश ठाकुर ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर पैराफिट की जांच की गई है तथा सड़क पर बने अन्य पैराफिटों की भी जांच की जाएगी।
बैरी ब्राहमणा में नाले में गिरा टूटे पैराफिट का हिस्सा। स्रोत जागरूक पाठक