हमीरपुर। जिलेभर के सरकारी स्कूलों में आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए विशेष अभियान शुरू होगा। अभियान के तहत स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए शिक्षक वार्षिक परीक्षाओं के बाद स्कूल की उपलब्धियों और सरकार की ओर से दी जा रही सुविधाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे।
इससे स्कूल प्रमुखों को विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने में सुविधा मिलेगी। अभियान के उपरांत स्कूल प्रमुख सत्र 2025-26 के नामांकन आंकड़ों का विश्लेषण कर नए सत्र में होने वाले विद्यार्थियों की संख्या का आकलन करेंगे। विभाग ने सभी स्कूलों के प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि यदि किसी स्कूल में नए विद्यार्थियों के दाखिले कम हुए, तो उसके कारण स्पष्ट रूप से रिपोर्ट में दिए जाएं, ताकि यह समझा जा सके कि विद्यार्थियों की संख्या में कमी क्यों हुई और भविष्य में इसे कैसे बढ़ाया जा सकता है।
वहीं, एक भी दाखिला न करवाने वाले स्कूल शिक्षकों को दाखिला न करवाने के पीछे कारण स्पष्ट करना होगा। जिलेभर के सरकारी स्कूलों में घटती विद्यार्थियों की संख्या को बढ़ाने के लिए उच्चत्तर शिक्षा विभाग की ओर से स्कूल प्रमुखों को निर्देश दिए गए हैं, ताकि नए सत्र में अधिक से अधिक विद्यार्थियों का दाखिला करवाया जा सके।
कोट
स्कूल प्रमुखों को स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं। अभियान के उपरांत दोनों सत्रों में विद्यार्थियों की संख्या का आकलन किया जाएगा, ताकि एक भी दाखिला न करवाने वाले स्कूलों में कारणों का पता लगाया जा सके।
-डॉ. एमआर चौहान, उपनिदेशक, उच्चत्तर शिक्षा विभाग हमीरपुर