स्पोर्टस शापिंग कांप्लेक्स हमीरपुर। संवाद
- फोटो : mathura
हमीरपुर। बस अड्डा हमीरपुर के सामने स्थित स्पोर्ट्स शॉपिंग कांप्लेक्स में किराया न चुकाने वाले 28 डिफाल्टर दुकानदारों से नगर निगम ने 12 लाख रुपये का किराया वसूल लिया है। एसडीएम कोर्ट में केस की चार पेशियों के बाद दुकानदारों ने एक-एक कर किराये का भुगतान किया है।
किराये के पूरे भुगतान तक दुकानदारों को आगामी समय में भी पेशी के लिए बुलाया जाएगा। लंबे समय से स्पोर्ट्स शॉपिंग कांप्लेक्स में किराये का भुगतान न करने पर नगर निगम दुकानदारों को नोटिस भेज रही थी। मगर दुकानदार किराये का भुगतान नहीं कर रहे थे। दुकानदारों की बकाया किराया राशि 90 लाख रुपये पहुंच गई थी।
ऐसे में नगर निगम की ओर से इन डिफाल्टर दुकानदारों पर एसडीएम कोर्ट में केस किए गए हैं, ताकि दुकानों से पूरे किराये का भुगतान किया जा सके। वर्तमान में स्पोर्ट्स शॉपिंग कांप्लेक्स हमीरपुर में कुल 201 दुकानें हैं। इनमें से 61 दुकानें नगर निगम हमीरपुर के अधीन आती हैं। नगर निगम ने ढाई वर्ष पूर्व दुकानदारों को 61 में से 31 दुकानों को किराए पर आवंटित किया था, ताकि दुकानों के माध्यम से दुकानदार अपनी अजीविका चला सकें। लेकिन किराए पर आवंटित दुकानों में 31 में से 28 दुकानदारों ने एक भी बार किराये का भुगतान नहीं किया। इसके चलते किराये की राशि 90 लाख तक पहुंच गई है। संवाद