संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिले के 433 प्राथमिक स्कूलों में अब नौनिहालों में पढ़ने की आदत डाली जाएगी। ऑनलाइन शिक्षा व इलेक्ट्राॅनिक उपकरणों के अधिक प्रयोग के कारण छुट्टी पढ़ने की आदत को विकसित करने के लिए स्कूलों में रूम टू रीड अभियान शुरू होगा।
इसमें विद्यार्थियों को मुख्यत: पुस्तकालयों की किताबें पढ़ने के लिए दी जाएंगी। नई शिक्षा नीति 2020 के तहत अभियान के अंतर्गत प्रत्येक सप्ताह पुस्तकालयों की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। प्रदर्शनियों में विद्यार्थियों के लिए पुस्तकालय की प्रत्येक पुस्तकों को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदर्शनी में एक साथ सात कहानियों की अलग-अलगत किताबें दी जाएंगी। सप्ताह के बाद किताबों के बारे में विद्यार्थियों से जानकारी ली जाएगी। कौन सी किताब कितनी अच्छी व रोचक कहानियों वाली है। किताब में आपने क्या पढ़ा और क्या सीख ली।
सप्ताह बीत जाने के बाद किताबों के संदर्भ में मिली जानकारी को विद्यार्थियों की कक्षानुसार रिपोर्ट में भरा जाएगा। रिपोर्ट में मुख्यत: किताबों को पढ़ने से पूर्व विद्यार्थियों की स्थिति व वर्तमान स्थिति का आकलन होगा। अभियान का आयोजन आठ सितंबर तक किया जाएगा, जिसकी माॅनीटरिंग जिला स्तर पर होगी। जिला शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान के माध्यम से अभियान की मूल्यांकन रिपोर्ट निदेशालय प्रेषित होगी।
अभियान का संचालन डीएलएड प्रशिक्षु स्कूल स्तर पर जाकर करेंगे। अभियान विशेषतौर पर छोटी कक्षाओं से ही विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत डालने और उनके समग्र विकास के लिए चलाया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक माध्यमों के साथ पढ़ाई करने में परेशानी का सामना न करना पड़े।
कोट
प्राथमिक स्कूलों में रूम टू रीड अभियान आठ सितंबर तक आयोजित होगा। इसमें विशेषतौर पर विद्यार्थियों को किताबों से जोड़ने और उनमें पढ़ने की आदत डालने का कार्य किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत स्कूलों में प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाएगा।
-नेक मोहम्मद, जिला समन्वयक, पुस्तकालय