संवाद न्यूज एजेंसी
बड़सर (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के तहत स्थानीय बाजार में चल रहे ट्रेड मेले में आखिर 20 दिन बाद अधिकारियों ने कार्रवाई को अंजाम दिया है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को बिना सुरक्षा और प्रमाणपत्र के खाद्य पदार्थ बेचने पर फूड स्टॉल संचालक का चालान काटा।
खाद्य आपूर्ति विभाग ने दुकानदार को घरेलू सिलिंडर का प्रयोग करने पर चेतावनी भी दी है। मेले में नियमों को ताक पर रखकर बेचे जा रहे खाद्य पदार्थों व विभाग द्वारा कार्रवाई न करने को लेकर संवाद न्यूज एजेंसी की खबर अमर उजाला में 31 जुलाई को बड़सर ट्रेड मेले में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, घरेलू सिलिंडर का हो रहा इस्तेमाल शीर्षक से प्रकाशित हुई थी।
इसके बाद किए निरीक्षण में ढाबा संचालक प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं कर पाया। इसके साथ ही खाद्य आपूर्ति विभाग ने भी मेले में दबिश दी। मेले में केवल एक ही फूड स्टॉल लगाया गया था। खाद्य आपूर्ति विभाग ने जांच के दौरान पाया दुकानदार ने घरेलू सिलिंडर लगाया हुआ है। पूछताछ में दुकानदार ने तर्क दिया कि व्यावसायिक सिलिंडर के खत्म होने पर इसे अस्थायी रूप से प्रयोग किया है और व्यावसायिक सिलिंडर मिलने पर इसे बदल दिया जाएगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग के एफएसओ डॉ. अभिषेक ने कहा कि फूड स्टॉल का चालान किया गया है और इसे कोर्ट में भेजा जाएगा। वहीं, खाद्य आपूर्ति विभाग की जिला नियंत्रक आंचल ने बताया कि मौके पर दुकानदार को घरेलू सिलिंडर का प्रयोग न करने की चेतावनी दी है। अगर दोबारा पकड़ा जाता है तो कार्रवाई की जाएगी।
बड़सर में ट्रेड मेले में कार्रवाई करते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी । संवाद- फोटो : 1