मेडिकल कॉलेज, अंतराज्यीय बस अड्डा, इंडोर स्टेडियम का निर्माण जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। मेडिकल कॉलेज, बस स्टैंड और इंडोर स्टेडियम से जिले को नई पहचान मिलेगी। जोल सप्पड़ में निर्माणाधान डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल काॅलेज हमीरपुर के नए कैंपस में आठ सुपर स्पेशियलिटी विभाग स्थापित करने के लिए प्रदेश सरकार ने मंजूरी प्रदान की है। मेडिकल काॅलेज के विभिन्न भवनों एवं ब्लॉकों के लिए लगभग 500 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। नए परिसर में अकेडमिक ब्लॉक और अस्पताल भवन का कार्य पूरा हो चुका है। इसी परिसर में क्रिटिकल केयर ब्लॉक, सभागार और अन्य भवनों के कार्य भी प्रगति पर हैं। यहां कैंसर केयर संस्थान के निर्माण के लिए 90 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
नर्सिंग कॉलेज, डेंटल काॅलेज, 200 बिस्तर का मदर-चाइल्ड अस्पताल, नशा मुक्ति एवं उपचार केंद्र, प्रशासनिक ब्लॉक, छात्रावास और अन्य भवनों के निर्माण कार्य शुरू करने के लिए भी सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
हमीरपुर में अंतराज्यीय बस अड्डे पर 125 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यहां पर बसों और अन्य वाहनों के लिए पार्किंग के अलावा कई सरकारी और अर्द्ध सरकारी कार्यालयों के संचालन के लिए भी बेहतरीन व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा नादौन में 115 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस इंडोर स्टेडियम में कुल 17 खेलों के लिए वर्ल्ड क्लास सुविधाओं का प्रावधान किया जा रहा है।