संवाद न्यूज एजेंसी
बड़सर (हमीरपुर)। बिझड़ी के मंडी चौक के समीप करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अग्निशमन विभाग का भवन पिछले एक वर्ष से उद्घाटन का इंतजार कर रहा है। वर्तमान समय में अग्निशमन विभाग का कार्यालय एक किराये के भवन में चल रहा है।
वहीं, नए भवन में जहां अग्निशमन वाहनों के खड़ा होने की सुविधा उपलब्ध होगी और पानी भरने के लिए हाईड्रेंट भी स्थापित किए गए हैं। बिझड़ी के लिए फायर ब्रिगेड चौकी वर्ष 2018 में स्वीकृत हुई थी। तब से अब तक यह अग्निशमन विभाग किराये के भवन में संचालित हो रहा है। करीब 2 साल पहले इस भवन के निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हुई थी।
यह भवन खुली जगह पर तैयार किया गया है, जिससे अब फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा। पहले किराये के भवन में उचित व्यवस्था न होने के कारण कई बार गाड़ियां जाम में फंस जाया करती थीं। ऐसी स्थिति में अगर कोई अनहोनी घटना घटित होती तो वाहन समय पर मौके पर नहीं पहुंच पाते थे।
बड़सर उपमंडल के तहत पांच करोड़ रुपये के भवन का उद्घाटन करने में लगातार देरी हो रही है। हाल ही में विधानसभा सत्र के दौरान स्थानीय विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। सरकार की ओर से जवाब मिला कि इस भवन का उद्घाटन शीघ्र ही कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के दौरे के दौरान इस भवन के लोकार्पण की उम्मीद थी, लेकिन मौसम में खराबी के चलते सीएम का सात अक्तूबर को प्रस्तावित दौरा फिर टल गया है। लोगाें ने प्रशासन व सरकार के नुमाइंदों से मांग की है कि वह शीघ्र ही इस भवन का उद्घाटन किया जाए, ताकि लोगों को सुविधा मिल सके।