अमर उजाला में प्रकाशित संवाद न्यूज एजेंसी की खबर
हमीरपुर। नगर निगम हमीरपुर के तहत मुख्य बाजार में जल शक्ति विभाग की ओर से पाइपलाइन बिछाने के बाद दुकानदारों के लिए परेशानी का कारण बनी खोदी गई मिट्टी और नालियों को आखिरकार समतल कर दिया गया है। इससे दुकानदारों और राहगीरों ने राहत की सांस ली है।
पाइपलाइन बिछाने के बाद ठेकेदार द्वारा सड़क किनारे खोदी गई मिट्टी को समतल नहीं किया गया था। इसके कारण दुकानों तक पहुंचने में ग्राहकों को दिक्कतें आ रही थीं और कारोबार भी प्रभावित हो रहा था।
दुकानदारों के लिए परेशानी का सबब बनी खोदी गई नालियां शीर्षक से संवाद न्यूज एजेंसी की खबर को अमर उजाला के चार जुलाई के अंक में प्रकाशित किया गया। खबर प्रकाशित होने के बाद जल शक्ति विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित ठेकेदार को तुरंत आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद ठेकेदार ने मौके पर पहुंचकर खोदी गई मिट्टी को समतल करवा दिया, जिससे दुकानदारों और स्थानीय लोगों को राहत मिली है। स्थानीय दुकानदारों ने समस्या के समाधान पर संतोष जताते हुए कहा कि समय रहते कार्रवाई होने से आवाजाही सुगम हुई है।
वहीं, जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता राकेश वात्सयायन ने कहा कि समस्या का समाधान कर दिया गया है।
अमर उजाला में प्रकाशित संवाद न्यूज एजेंसी की खबर