जवान ने लोन लेकर किया निवेश, तीन से चार गुना मुनाफे के चक्कर में गंवाए लाखों, पुलिस जांच शुरू
ठगों ने विदेश दौरों और लग्जरी लाइफ के सपने दिखाकर हेल्थकेयर कंपनी में करवाया था निवेश
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जल्दी अमीर बनने के लालच में एक सेना का जवान ठगों के जाल में फंस गया। कथित हेल्थकेयर कंपनी ने तीन से चार महीने के निवेश पर तीन से चार गुना रिटर्न, विदेश में बैठकों और लग्जरी दौरों का झांसा देकर जवान से बैंक लोन तक बनवा लिया।
इस ठगी में उसे करीब 5.75 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित जवान वर्तमान में उत्तराखंड में तैनात है और मूल रूप से सुजानपुर का रहने वाला है। उसने इस संबंध में सुजानपुर थाना में शिकायत दर्ज करवाई है।
शिकायत के अनुसार उत्तराखंड में मिले कुछ लोगों ने उसे एक हेल्थकेयर कंपनी के महंगे उत्पाद खरीदकर आगे बेचने पर भारी मुनाफे का भरोसा दिलाया। उनके झांसे में आकर उसने बैंक से ऋण लिया और किस्तों में करीब 5.75 लाख रुपये कंपनी के खाते में जमा करवा दिए।
शुरुआत में आरोपियों ने कुछ ही महीनों में निवेश कई गुना बढ़ाने और विदेश यात्राओं का लालच दिया, लेकिन राशि जमा होने के बाद कंपनी के कथित कर्मचारी धीरे-धीरे संपर्क से बाहर हो गए। पैसे वापस मांगने पर वे टालमटोल करने लगे, जिसके बाद उसे ठगी का एहसास हुआ।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बैंक लेनदेन, दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
एसपी हमीरपुर बलवीर सिंह ने मामले की पुष्टि की है। इस संबंध में उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी कंपनी में निवेश से पहले उसकी विश्वसनीयता की पूरी जांच-पड़ताल करें, क्योंकि केवल अधिक मुनाफे के लालच में किया गया निवेश भारी नुकसान का कारण बन सकता है।