भोरंज (हमीरपुर)। हमीरपुर से जाहू वाया लुद्दर, बस्सी, लंबलू सड़क को शुक्रवार को बिना सूचना के लिए विभाग ने यातायात के लिए बंद कर दिया। यहां पर दो घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर डेढ़ बजे यहां पर नालियों के निर्माण के लिए सड़क अचानक खोद दी गई। जिस वजह से सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। विभागीय कोताही के चलते दो घंटे तक वाहन जाम में फंसे रहे। कायदे से सड़क के निर्माण कार्य से पूर्व प्रशासन के माध्यम से यातायात को बाधित करने की सूचना सार्वजनिक की जाती है, उसके बाद वैकल्पिक मार्ग की जानकारी भी वाहन चालकों को दी जाती है।
वाहन चालकों रामनाथ, विशाल, उमेश, दीनानाथी, राहुल, रेखा, कमला, दिनेश ने कहा कि उन्हें सड़क बंद किए जाने की सूचना तक नहीं थी। दो घंटे तक सड़क बहाल होने का इंतजार करना पड़ा। प्रशासन और विभाग को निर्माण कार्य के लिए सड़क को बाधित करने से पूर्व जानकारी देनी चाहिए ताकि आम जनमानस को दिक्कत न हो। सड़क में ऐसी जगह पर निर्माण कार्य किया जा रहा था, जहां से वाहनों को वापस दूसरे मार्ग से ले जाना भी मुश्किल था। लोगों ने विभाग से मांग की है कि सड़क पर यातायात को बाधित करने में इस तरह की कोताही न बरती जाए।
सड़क में पाइप लाइन दबाने के लिए कार्य किया गया है। जिसे पूरा कर लिया है। दोपहर बाद 3:30 बजे यातायात बहाल कर दिया गया।
-केके भारद्वाज, अधिशाषी अभियंता पीडब्ल्यूडी भोरंज