प्रवक्ताओं की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री ने प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ के साथ की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ की बैठक अध्यक्ष लोकेंद्र सिंह नेगी की नेतृत्व में शनिवार को हुई। संघ के प्रदेश अध्यक्ष लोकेंद्र सिंह नेगी, मुख्य प्रेस सचिव प्रेम शर्मा ने कहा कि प्रदेश सचिवालय में हुई यह बैठक बहुत ही सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई। इसमें प्रवक्ताओं की विभिन्न मांगों पर विस्तृत रूप से चर्चा हुई। बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी, मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान और शिक्षा सचिव राकेश कंवर उपस्थित रहे।
प्रवक्ता संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष प्रवक्ताओं की विभिन्न मांगों, नई शिक्षा नीति के तहत स्कूलों में शिक्षक और छात्र अनुपात बनाए रखने की मांग और प्रवक्ताओं को उनकी संख्या के अनुपात में पदोन्नति अवसर प्रदान करने की मांग की। संघ की प्रदेश अध्यक्ष लोकेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि बैठक में स्कूलों में युक्तिकरण प्रक्रिया पर विस्तृत रूप से चर्चा हुई। उन्होंने युक्तिकरण की प्रक्रिया को नई शिक्षा नीति के तहत ही लागू करने, छात्र और शिक्षक अनुपात 30:1 रखने का अनुरोध किया। युक्तिकरण की प्रक्रिया को शैक्षणिक सत्र के मध्य में प्रारंभ न कर इस नए शैक्षणिक सत्र से लागू किया जाए। शैक्षणिक सत्र के मध्य में युक्तिकरण होने से विद्यार्थियों को नुकसान उठाना पड़ेगा। बैठक में यूजीसी व अन्य काॅलेज की योग्यता रखने वाले प्रवक्ताओं को काॅलेज में नियमित नियुक्ति के अवसर व काॅलेज में नियुक्ति होने पर पे संरक्षित की सुविधा, यूजीसी नेट, सेट योग्यता प्राप्त प्रवक्ताओं को वित्तीय लाभ देने पर भी चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त बैठक में प्रवक्ताओं को उनकी संख्या के अनुपात में पदोन्नति के अवसर प्रदान करने, प्रवक्ता पदनाम बहाल करने और डीए एरियर को लेकर भी चर्चा हुई।