फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hamirpur (Himachal) News: चमियाणा में मैदान का निर्माण सियासी खेल में उलझा, अधर में लटका काम

Sat, 03 Jan 2026 01:35 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हमीरपुर (हि. प्र.)
विज्ञापन
चमियाणा में अधर में रुका खेल मैदान का कार्य। संवाद
विज्ञापन
सुजानपुर(हमीरपुर)। आर्थिक तंगी के दौर में अकसर बजट की कमी से विकास कार्य रुकने की वजह बताई जाती है, लेकिन सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में तस्वीर बिल्कुल उलट है। क्षेत्र की चमियाणा पंचायत में खेल मैदान के निर्माण पर खूब सियासी खेल हुआ है।
विज्ञापन

यहां लोक निर्माण विभाग के खाते में छह लाख रुपये का बजट मौजूद होने के बावजूद खेल मैदान का निर्माण पिछले पांच वर्षों से अधर में लटका हुआ है। हैरानी की बात यह है कि मैदान का काम पूरा करने के लिए स्वीकृत राज्यसभा सदस्य निधि की राशि खर्च होने की बजाय वापस चली गई। ऐसे में यहां पर मैदान निर्माण के नाम पर खूब सियासी खेल हो रहा है।

पड़ताल में सामने आया है कि वर्ष 2021 में लोक निर्माण विभाग सुजानपुर ने पंचायत की मुख्य सड़क से सटी पहाड़ी को समतल कर खेल मैदान का निर्माण शुरू किया था। इस चरण में 12 लाख रुपये खर्च किए गए। इसके बाद वर्ष 2023 में 10 लाख रुपये का अतिरिक्त बजट जारी हुआ।
विज्ञापन

कुल मिलाकर 22 लाख रुपये स्वीकृत हुए, लेकिन इनमें से 16 लाख रुपये खर्च करने के बाद कार्य को अचानक रोक दिया गया। वहीं, शेष छह लाख रुपये आज भी विभाग के खाते में पड़े हैं, लेकिन न तो कार्य पूरा हुआ और न ही इसे दोबारा शुरू करने की कोई समयसीमा तय की गई।

ग्रामीणों ने उठाया जिम्मा, निर्माण की पहल
मैदान अधूरा रहने से गांव के बच्चों और युवाओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। न अभ्यास के लिए समुचित जगह है और न ही खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की सुविधा। विभागीय चुप्पी के चलते अब ग्रामीणों ने खुद ही मैदान को संवारने का जिम्मा उठा लिया है। ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से सुरक्षा दीवार और कला मंच बनाने की पहल शुरू कर दी है, ताकि मैदान में कम से कम खेल गतिविधियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकें।

कोट्स
मैदान को लेकर के क्या प्रस्ताव था, उन्हें जानकारी नहीं है। मैदान का कार्य ज्वाइनिंग से पहले हुआ है। -राजेश कपिल, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग, सुजानपुर

सुजानपुर लोक निर्माण विभाग की ओर से खेल मैदान का कार्य किया गया था। इसमें 22 लाख का बजट स्वीकृत हुआ था। अभी तक छह लाख रुपये की राशि विभाग के पास जमा है। -देवराज, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, टौणी

जिस जगह पर मैदान का निर्माण किया है। वहां पूरी तरह से धन व्यर्थ किया गया है। पूर्व विधायक के कार्यकाल में मैदान का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। वह इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं कह सकते हैं। -कैप्टन रंजीत सिंह, विधायक, सुजानपुर

कार्य के लिए बाकायदा से 22 लाख और 4.50 लाख रुपये की धनराशि राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन के माध्यम से मंजूरी करवाई गई थी, लेकिन जानबूझ कर इस कार्य को पूरा नहीं होने दिया जा रहा है। विकास को रोकने का कार्य मौजूदा सरकार कर रही है। -राजेंद्र राणा, पूर्व विधायक, सुजानपुर

चमियाणा में अधर में रुका खेल मैदान का कार्य। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें