बड़ा मलोटी के पास खराब हुई सुजानपुर से होशियारपुर जा रही निगम की बस। संवाद
बड़ा/सुजानपुर (हमीरपुर)। हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों के खराब होने का सिलसिला जारी है। शनिवार को सुजानपुर से पंजाब के होशियारपुर जा रही एचआरटीसी की बस करीब 20 किलोमीटर चलने के बाद बड़ा मलोटी के पास खराब हो गई।
बस में तकनीकी खराबी आने के कारण यात्रियों को करीब आधा घंटा इंतजार करना पड़ा। बाद में दूसरी बस से यात्रियों को नादौन पहुंचाया गया, जहां से उन्होंने एचआरटीसी की दूसरी बस में उसी टिकट पर आगे का सफर किया।
बस सुबह 4:50 बजे सुजानपुर बस अड्डे से यात्रियों को लेकर होशियारपुर के लिए रवाना हुई थी। करीब 20 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद इंजन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई।
चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। चालक और परिचालक ने खराबी दूर करने का प्रयास किया, लेकिन बस आगे नहीं बढ़ सकी। इसके बाद चालक ने दूसरी बस से यात्रियों को नादौन पहुंचाने की व्यवस्था की, ताकि वे वहां से एचआरटीसी की दूसरी बस में उसी टिकट पर होशियारपुर तक का सफर पूरा कर सकें।
बस खराब होने और दूसरी बस की व्यवस्था में यात्रियों का करीब एक घंटा समय बर्बाद हुआ। यात्रियों ने लंबे रूट पर चलने वाली बसों की नियमित तकनीकी जांच करवाने की मांग की है।
कोट
यात्रियों को दूसरी बस में भेजा गया है। इंजन में तकनीकी खराबी के चलते बस खराब हो गई थी। बसों को नियमित जांच के बाद ही रूट पर भेजा जाता है।
-जगदेव, बस अड्डा प्रभारी, हमीरपुर