रोपड़ी में सोमवार शाम को सड़क से लुढ़क कर पेड़ से अटक गई थी निजी बस
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। रोपड़ी में निजी बस दुर्घटना मामले में बस चलाने वाले परिचालक की पहचान हो गई है। परिचालक का थाने में मेडिकल करवाया गया है। उसके पास भारी वाहन को चलाने का लाइसेंस है, ऐसे में उसके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई पुलिस की ओर से नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार बीते सोमवार को दियोटसिद्ध से वाया रोपड़ी भोटा आ रही बस सड़क से लुढ़क कर एक पेड़ से अटक गई थी। इस दौरान बस में 15 से 20 यात्री सवार थे, ऐसे में यहां पर बड़ा हादसा होने से टल गया था। किसी को हादसे में चोटें नहीं लगी है। मामले में पुलिस को कोई सूचना नहीं दी गई है ऐसे में कोई केस दर्ज नहीं हुआ है। हालांकि सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिलने के बाद सदर थाना हमीरपुर मामले में जांच की है।
बस में सवार एक महिला ने बस के मालिक और परिचालक पर गंभीर आरोप लगाए थे। महिला ने घटनास्थल से फेसबुक लाइव के जरिये दावा किया है कि इस बस को परिचालक चला रहा था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल प्रसारित हो रहा है। इस वीडियो के आधार पर पुलिस ने बस और परिचालक की पहचान की। इसके बाद परिचालक के दस्तावेज भी जांचे गए। इसमें उसके पास भारी वाहन चलाने का लाइसेंस पाया गया है। उसने पुलिस को दिए बयान में कहा कि अचानक आगे से दुपहिया वाहन आ गया था उसे बचाने के लिए उसने बस को मोड़ दिया जिससे बस लुढ़क गई। एसपी हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने कहा कि परिचालक की पहचान की गई है। उसका मेडिकल भी करवाया गया है। नियमों के तहत कार्रवाई की गई है।