हमीरपुर। टीबी उन्मूलन कार्यक्रम पर मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन मंगलवार को किया गया। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनील वर्मा, सभी बीएमओ, मेडिकल ऑफिसर (एमओ) सहित टीबी कार्यक्रम से जुड़े कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान जिले में सामने आ रहे टीबी मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। सभी बीएमओ ने अपने-अपने क्षेत्रों में मिले टीबी मरीजों की रिपोर्ट प्रस्तुत की और मरीजों की जांच, उपचार की स्थिति से अवगत कराया। बैठक में टीबी की पहचान के लिए जांच प्रक्रिया को और अधिक बढ़ाने पर चर्चा की गई।
अधिक से अधिक लोगों की टीबी जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि बीमारी की समय पर पहचान कर उपचार शुरू किया जा सके। इसके अलावा आयोजित किए जा रहे एक्सरे स्क्रीनिंग शिविरों में ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। शिविरों के माध्यम से लक्षण वाले मरीजों की पहचान कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। बैठक में टीबी उन्मूलन कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने और जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए सभी स्वास्थ्य कर्मियों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।