16 जुलाई को खुलेगा मरम्मत और विकास कार्यों के लिए टेंडर पोर्टल
स्ट्रीट लाइटों से लेकर सफाई और नए कार्यों के लिए होगा टेंडर आवंटन
नौ माह से नगर निगम में एक भी कार्य को लेकर नहीं हुआ है टेंडर
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। नगर निगम हमीरपुर के वार्डों में नौ माह से रुके विकास कार्य अब शीघ्र शुरू होंगे। शहर से लेकर वार्डों में निकासी नालियों, जर्जर भवनों, स्ट्रीट लाइटों और संपर्क रास्तों के निर्माण कार्य के लिए निगम ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। ठेकेदार ऑनलाइन माध्यम से 15 जुलाई तक टेंडर के लिए आवेदन कर सकेंगे। 16 जुलाई को विभिन्न कार्यों के संदर्भ में पोर्टल खुलेगा। इसके बाद ठेकेदार कार्य करवा सकेंगे।
ठेकेदारों को आवेदन के बाद कार्य पूर्ण करने के लिए तीन माह का समय दिया जाएगा। ताकि आगामी समय में अन्य कार्य भी पूर्ण करवाए जा सकें। हमीरपुर में नगर निगम हमीरपुर के गठन के बाद नौ माह के अंतराल में कोई भी नया कार्य नहीं हुआ है। इससे वार्ड के साथ शहर के लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वर्तमान में निगम की ओर से शहर में वार्डबंदी के साथ अन्य कार्यों के लिए सभी औपचारिकताएं पूर्ण करवाई जा रही हैं ताकि शहर में रूके हुए कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण किया जा सके। जुलाई माह में इस टेंडर के बाद अगस्त माह में सभी वार्डों में भवन, वर्षा शालिका, शौचालय सहित अन्य नए निर्माण सभी कार्यों को लेकर टेंडर प्रक्रिया होगी। जिससे शहर के विकास को लेकर बढ़ावा मिलेगा। निगम में पूर्व से सम्मिलित वार्डों में ही टेंडर संबंधी कार्य किए जा रहे हैं। इन कार्यों के बाद मर्ज क्षेत्रों को लेकर भी योजनाएं तैयार की जाएगी।
कोट
शहर में बरसात के मौसम को लेकर विभिन्न आवश्यक और मरम्मत कार्य करवाए जा रहे हैं। ठेकेदार 15 जुलाई तक टेंडर के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। 16 जुलाई को टेंडर खुलेंगे। इसके बाद कार्यों को करवाया जाएगा।- राम प्रसाद, सहायक आयुक्त, नगर निगम हमीरपुर