हमीरपुर बाजार में स्थानीय दुकानदारों की ओर से लगाई गई छबील। संवाद
- फोटो : संवाद
हमीरपुर। जिले में बुधवार को तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया, जिससे बाजार में कम रौनक देखने को मिली। गर्म हवाओं के साथ दिनभर लोगों को गर्मी का प्रकोप झेलना पड़ा।
तापमान बढ़ने के साथ ही दिन में लू चलना शुरू हो गई है। सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को झेलनी पड़ रही है। लू के चलते लोगों को अपने चेहरे को कपड़े से ढक कर वाहन चलाने को मजबूर होना पड़ रहा है। गर्मी से बचने के लिए लोग छाता, तौलिया सहित शीतल पदार्थ का प्रयोग कर रहे हैं।
गर्मी के चलते जिला के कस्बों, बाजारों में दुकानदारों और लोगों की ओर से छबीलों का आयोजन किया गया, ताकि गर्मी से निजात मिल सके। मुख्य बाजार हमीरपुर में स्थानीय दुकानदारों ने ठंडे पानी की छबील लगाई, जिसमें सैकड़ों लोगों ने ठंडा पानी पिया। वहीं, उपमंडल नादौन के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर करण शर्मा एवं उनके सहयोगियों ने लाहड कोटलू गांव में लोगों को शीतल जल एवं फल और हलवे का प्रसाद भी बांटा।
इसके अलावा वार्ड नंबर पांच में अंबकेश्वर मंदिर के नजदीक मंदिर के सेवादारों और स्थानीय लोगों ने ठंडे पानी की छबील का आयोजन किया। जहां पर सैकड़ों की संख्या में राहगीरों ने तपती गर्मी में अपनी प्यास बुझाई। उपमंडल की जाहू पंचायत के सुलगवान बाजार और शिव मंदिर कैहरवीं के पास पीपल के नीचे गांव की महिलाओं और युवाओं ने मीठे पानी और जलजीरे की छबील लगाई।
हमीरपुर बाजार में स्थानीय दुकानदारों की ओर से लगाई गई छबील। संवाद- फोटो : संवाद