भोरंज(हमीरपुर)। एक्सरे तकनीशियन होने के बाद भी सिविल अस्पताल भोरंज में एक वर्ष से एक्सरे नहीं हो पा रहे हैं। आपात स्थिति में मरीजों को एक्सरे करवाने के लिए महंगे दामों पर निजी लैबों में भटकना पड़ रहा है। जिससे मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में पिछले एक वर्ष से एक्सरे मशीन खराब है। ऐसे में मरम्मत कार्य न होने से मशीन शोपीस बनी हुई है। अस्पताल में वर्ष 2008 में एक्सरे मशीन के साथ तकनीशियन की नियुक्ति की गई थी ताकि अस्पताल में मरीजों को निशुल्क एक्सरे की सुविधा प्रदान की जा सके लेकिन एक्सरे मशीन की मरम्मत न होने से तकनीशियन चाहकर भी मरीजों के एक्सरे नहीं कर पा रहा है।
ग्रामीण सुरेश सिंह, विनोद कुमार राकेश, रणजीत सिंह, कपिल, दिनेश, अभिनय, नीलम कुमारी, सविता आदि ने कहा कि अस्पताल में प्रतिदिन 450 के करीब ओपीडी है। अधिकतर लोग प्राथमिक उपचार सहित स्वास्थ्य लाभ के लिए अस्पताल पहुंचते हैं लेकिन उपचार न मिलने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है कुछेक समय सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों को एक्सरे करवाने के लिए हमीरपुर रेफर किया जाता है। एक्सरे मशीन की मरम्मत के लिए कई बार स्वास्थ्य विभाग से मांग कर चुके हैं लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने विभाग से समस्या का समाधान करने का अनुरोध किया है।
अस्पताल में स्थापित एक्सरे मशीन पुरानी हो चुकी है और मेकेनिक ने इसे कंडम घोषित कर दिया है। इस बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है।
-डॉ. ललित कालिया, बीएमओ, भोरंज