हमीरपुर। सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों से पढ़ाने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। संपर्क फाउंडेशन की ओर से जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों को यह पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
संपर्क डिवाइसों का सही तरीके से प्रयोग और विद्यार्थियों को अधिक से अधिक कार्टूनों से पढ़ाने वाले शिक्षकों को पुरस्कार बांटे जाएंगे। इससे आगामी शैक्षणिक सत्र में प्रतिस्पर्धा की भावना से अन्य अध्यापक भी विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीकों का प्रयोग कर सकें।
पुरस्कार प्रदान करने के लिए जिला स्तर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें एक साथ छह शिक्षा खंडों के शिक्षकों को बुलाया जाएगा। वर्तमान में संपर्क फाउंडेशन की ओर से जिले के 194 प्राथमिक व माध्यमिक स्कूलों में संपर्क टीवी व डिवाइस बांटे गए हैं।
डिवाइस में पहली से आठवीं कक्षा तक के कठिन विषयों का पाठ्यक्रम कॉर्टूनों के माध्यम से डिजाइन किया गया है, ताकि विद्यार्थियों को कॉर्टूनों के माध्यमों से पढ़ाई करवाई जा सके। डिवाइस में पहली से पांचवीं कक्षा तक हिंदी, अंग्रेजी व गणित का पाठ्यक्रम और छठी से आठवीं तक का विज्ञान विषय अपलोड किया गया है।
शिक्षकों को फाउंडेशन की ओर से डिवाइस का संचालन करने के लिए प्रशिक्षण भी दिया गया है। ऐसे में सत्र के समापन से पूर्व सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है, जिससे शिक्षकों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा।
कोट
संपर्क डिवाइस का सही तरीके से प्रयोग और विद्यार्थियों के ज्ञान स्तर को बढ़ाने में मिली सहायता के संदर्भ में फाउंडेशन की ओर से जिला स्तर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। समारोह में शिक्षकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
-तन्मय, जिला प्रभारी, संपर्क फाउंडेशन