उपायुक्त मदन चौहान ने शुक्रवार को राष्ट्रीय प्रौद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के सभागार में प्रेरणा अभियान के तहत आयोजित एक कार्यशाला के समापन पर बतौर मुख्यातिथि कहा कि हमीरपुर जिला साक्षरता तथा शिक्षा में अव्वल है। प्रेरणा अभियान के तहत सभी प्राइमरी स्कूलों में बच्चों के शैक्षणिक स्तर में सुधार के लिए प्लान तैयार किया गया है। इसकी सुचारु मोनीटरिंग भी की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रेरणा अभियान के तहत बच्चों के शैक्षणिक सुधार के लिए सभी शिक्षक सकारात्मक सहभागिता निभाएं।
चौहान ने कहा कि प्रेरणा अभियान में शिक्षकों के साथ-साथ स्कूल प्रबंधन समितियों और पंचायत प्रतिनिधियों का सहयोग भी जरूरी है। उपमंडलाधिकारी भी स्कूलों को नियमित तौर पर निरीक्षण कर रहे हैं। अपर प्राइमरी स्कूलों में प्रयास अभियान आरंभ किया है। प्रारंभिक तौर पर हमीरपुर जिला के 39 मिडिल स्कूलों में यह अभियान शुरू हुआ है।
इन स्कूलों को शिक्षकों को टीचिंग किट्स भी दी गई हैं ताकि विद्यार्थियों को प्रयोग से विज्ञान समझाया जा सके। चौहान ने कहा कि प्रेरणा अभियान के शुरू होनेसे स्कूलों में शैक्षणिक सुधार में काफी बेहतर परिणाम आए हैं। डाईट के प्रिंसिपल जगदीश कौशल ने प्रेरणा और प्रयास अभियान की जानकारी दी। इस कार्यशाला में सभी प्राइमरी विंग के सेंटर हेड टीचर, मिडल स्कूलों के टीजीटी, बीपीईओ, बीआरसी और पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
जिप और बीडीसी को नहीं बुलाना गलत : राकेश
जिला परिषद के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने एनआईटी में आयोजित कांफ्रेंस में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों को न बुलाने पर जिला प्रशासन पर खूब गुबार निकाला। उन्होंने कहा कि पंचायती राज प्रणाली में पंचायत, जिला परिषद और बीडीसी तीनों अहम एजेंसियां हैं। ऐसे में बैठक में केवल पंचायत प्रधानों को बुलाना सही नहीं। जिप और बीडीसी के पास भी अस्पतालों और स्कूलों के निरीक्षण के अलावा कई शक्तियां हैं।