क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर का कायाकल्प प्रोजेक्ट के तहत निरीक्षण किया गया। क्षेत्रीय अस्पताल मंडी के एमएस डॉ. टीएस महंत के नेतृत्व में क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय अस्पताल में कई खामियां पाई गईं।
इन्हें दूर करने के लिए संबंधित टीम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए हैं। प्रोजेक्ट के तहत हर साल प्रदेश भर के अस्पतालों में मरीजों को मिल रही सुविधाओं का निरीक्षण होता है। इसमें प्रदेश भर में अव्वल रहने वाले अस्पताल को पांच लाख और दूसरे नंबर के अस्पताल को तीन लाख रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाता है।
अस्पताल में सफाई व्यवस्था, आपातकालीन कक्ष में रोगियों को मिलने वाली सुविधा, उपचार के लिए मरीजों के पैदल चलने, मरीजों की सुविधा के लिए सूचना पट्टा और मार्गदर्शक सूचना पट्ट, ओपीडी में मरीजों को मिलने वाली सुविधाएं और ऑपरेशन थियेटर और प्रसूति कक्ष का निरीक्षण करती है। इस निरीक्षण में क्षेत्रीय अस्पताल के प्रसूति कक्ष में कई खामियां पाई गईं।
इसके लिए बाकायदा टीम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को खामियां दूर करने के दिशा-निर्देश दिए। निर्धारित अवधि में अस्पताल प्रबंधन को खामियां दूर करनी हैं।
एमएस डॉ. टीएस महंत का कहना है कि टीम ने क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर का निरीक्षण किया। कुछ खामियां पाई गई हैं जिनके समाधान के लिए चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट जल्द ही आला अधिकारियों को भेजी जाएगी।