हमीरपुर। जिले में शास्त्री अध्यापकों के 19 पद बैचवाइज आधार पर भरे जाएंगे। इन पदों पर भर्ती के लिए 10 फरवरी बुधवार को प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय हमीरपुर में साक्षात्कार लिए जाएंगे। जिले के विभिन्न रोजगार कार्यालयों से प्राप्त शास्त्री के टेट पास अभ्यर्थियों की सूची के अनुसार पात्रों को साक्षात्कार के लिए पत्र भेज दिए गए हैं। इन उम्मीदवारों की सूची प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय की वेबसाइट पर भी डाल दी गई है।
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक हमीरपुर बीके नड्डा ने बताया कि सामान्य वर्ग के 8 पदों के लिए वर्ष 2006 बैच तक के पात्र अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया है। सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के एक पद के लिए वर्ष 2005 तक के बैच और अनुसूचित जाति के 3 पदों के लिए वर्ष 2011 तक के बैच के अभ्यर्थी साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।
इनके अलावा अनुसूचित जाति आईआरडीपी के 2, अनुसूचित जनजाति और ओबीसी वर्ग के एक-एक तथा पूर्व सैनिकों के बच्चों के लिए आरक्षित 3 पदों के साक्षात्कार में नवीनतम बैच के अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। उपनिदेशक ने बताया कि अभ्यर्थी किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान से कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ शास्त्री पास होना चाहिए तथा उसने अध्यापक पात्रता परीक्षा भी पास की हो। अभ्यर्थी वेबसाइट पर उपलब्ध करवाए गए बायोडाटा फार्म को भरकर तथा इस फार्म के साथ सभी आवश्यक दस्तावेज संलग्न करके साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।