जिला स्तरीय फोक डांस व प्ले रोल प्रतियोगिता में भाग लेते हुए प्रतिभागी। स्रोत : संस्थान
जाहू/भोरंज (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोरंज में जिला स्तरीय फोक डांस व रोल प्ले प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिलेभर के 212 प्रतिभागियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस दौरान फोक डांस प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ताल प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबोह द्वितीय और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पट्टा तीसरे स्थान पर रहा। वहीं, रोल प्ले प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डिडवीं प्रथम, मुख्यमंत्री आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोरंज द्वितीय और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला अमरोह के प्रतिभागी तीसरे स्थान पर रहे।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ बतौर मुख्यातिथि शिक्षा उपनिदेशक उच्चतर हमीरपुर डॉ. एमआर चौहान ने किया। प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचने पर स्थानीय स्कूल के प्रधानाचार्य अनिल डोगरा के अगुवाई में स्टाफ ने पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। शिक्षा उपनिदेशक उच्चतर डॉ. एमआर चौहान ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों को होना आवश्यक हैं।
दोनों प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर रहने वाले स्कूल एससीआरटी सोलन में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिला हमीरपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस अवसर पर अधीक्षक ग्रेड-1 राजेश भाटिया, अधीक्षक ग्रेड-2 सोमनाथ जगोता, जिला नोडल अधिकारी एवं प्रधानाचार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लंबलू सुभाष धीमान आदि मौजूद रहे।
जिला स्तरीय फोक डांस व प्ले रोल प्रतियोगिता में भाग लेते हुए प्रतिभागी। स्रोत : संस्थान